महाशिवरात्रि दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु, हादसे का शिकार
सरगुजा। सरगुजा में तेज रफ्तार ट्रक और बोलरो में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी महाशिवरात्रि पर शिव मंदिर के दर्शन कर के लौट रहे थे। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। घटना सीतापुर थाना क्षेत्र की है। ग्राम विशुनपुर प्लांट के पास मुख्य मार्ग NH43 पर यह घटना हुई है।
महाशिवरात्रि के पर्व पर श्रद्धालु किलकिला शिव मंदिर के दर्शन करने के लिए गए थे। यहां से सभी रेवापुर-सखौली लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रक और श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो के बीच भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में 11 से ज्यादा लोग सवार थे। हादसे में मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही अन्य लोगों को मामूली चोटें आई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कंटेनर में आग लगा दी। सूचना के बाद सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची है। मृतकों के शव और सभी घायलों को सीएचसी सीतापुर लाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सरगुजा सड़क हादसे में साय ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बुधवार को ट्रक और बोलेरो की जबरजस्त टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है वही सात अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। यह हादसा सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर प्लांट के पास एनएच- 43 पर हुआ है। हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना के बाद सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों व घायलों को सीएचसी सीतापुर भेजा। सरगुजा जिले के ग्राम रेवापुर-सखौली में रहने वाले महिला-पुरुष व बच्चे सहित ११ लोग महाशिवरात्रि के मौके पर बोलेरो में सवार होकर जशपुर जिले के किलकिला स्थित शिव मंदिर में दर्शन करने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद सभी बोलेरो से घर लौट रहे थे। इस दौरान यह हादसा हो गया। हादसे में एक मासूम सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस बीच, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा की सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में बोलेरो-कंटेनर के बीच हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दु:खद है। सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।