नई दिल्ली। लोकसभा के तीसरे चरण के चुनाव में मंगलवार को 11 राज्यों और केन्द्र शासित दादर-नगर हवेली तथा दमन एवं दीव की कुल 93 सीटों पर शाम पांच बजे तक 60.19 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग की सूचना के अनुसार असम में सबसे अधिक 74.16 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे, जबकि पश्चिम बंगाल में 73.93 प्रतिशत और गोवा में 72.52 प्रतिशत मतदान हुआ। महाराष्ट्र में मतदान की गति सबसे धीमी थी और शाम पांच बजे तक 53.40 प्रतिशत वोट पड़े थे। मतदान शाम छह बजे तक होगा।
मतदान करने आए बुजुर्ग की पोलिंग बूथ में गिरने से मौत:
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सात लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच सरगुजा लोकसभा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। जहां मंगलवार को मतदान करने आए एक बुजुर्ग मतदाता के अचानक गिरने से मौत हो गई। मृतक के पहचान पत्र से पता चला की उसका नाम तारसियुस टोप्पो था।प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला झारखंड सीमा के लोदाम का है जहां ग्राम पंचायत जमतोली बूथ पर तरसियुश टोप्पो नामक व्यक्ति जैसे ही वोट देने बूथ में घुसा वह अचानक गिर गया। आसपास के लोग दौड़े और उसे उठाने की कोशिश की लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। पुलिस मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है।
मतदाताओं पर मधुमक्खियों का हमला, 8 लोग घायल जिले के आरा में मतदान करने आए ग्रामीणों पर मधुमक्खी ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के काटने से 8 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरा के हाई स्कूल में मतदान के दौरान मतदाताओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया।
अचानक मधुमक्खियों के हमले से घबराकर लोग भागने लगे और आठ ग्रामीण घायल हो गए। सभी घायलों को संजीवनी 108 की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि यह सभी मतदान करने पहुंचे हुए थे उस दौरान यह घटना घटी है।
उल्लेखनीय है कि यह पूरा मामला सरगुजा लोकसभा क्षेत्र आने वाले जशपुर जिले की है। जहां आरा मतदान केंद्र में बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े हुए थे। तभी मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में मधुमक्खियों ने 8 लोगों को काटा है। उनका इलाज जारी है।