आधी रात यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गिरी, 2 की मौत, 40 घायल



राजगढ़। इंदौर से अशोकनगर जा रही निजी बस सर्विस की बस आगरा-मुंबई हाईवे पर पचोर के पास देर रात नेशनल हाइवे क्रमांक-3 पर पुलिया से नीचे जा गिरी। इस दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 घायल हो गए। घायलों को शाजापुर और इंदौर रेफर किया गया है। 

जानकारी के मुताबिक, पचोर के नजदीक एक पुलिया के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर बस नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि घटना में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई। बस में 55 यात्री सवार थे, जिसमें से 40 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। बस के पुलिया में गिरने के साथ ही चीख-पुकार व अफरा-तफरी मच गई। 

इस मार्ग से निकलने वालों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। घटना रात्रि 1 बजकर 15 मिनट की है। हादसे की सूचना मिलते ही पचोर की थाना प्रभारी आकांशा शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंची। मौके पर एम्बुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के बाद थाना प्रभारी ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों से घायलों को पचोर अस्पताल पहुंचाया। 

5 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर

थाना प्रभारी आकांशा शर्मा के अनुसार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक मृतक हरिओम पिता हसरत सिंह कुशवाह निवासी भटोली जिला अशोकनगर है। दूसरे मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। घायलों को पचोर अस्पताल की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया। 22 घायलों को शाजापुर, जबकि 5 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया है, जबकि 10 घायलों को ब्यावरा भेजा गया। तीन का पचोर में उपचार चल रहा है। घटना के बाद से ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस बस मालिक से पूछताछ कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports