दुर्ग जिले के 4 विस सीटों पर भाजपा का कब्जा, कांग्रेस के हाथ आई सिर्फ 2 सीट



भूपेश बघेल, देेवेन्द्र यादव, गजेन्द्र यादव, ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने दर्ज की जीत


दुर्ग। विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के हाईप्रोफाईल सीट माने जाने वाले गृह जिला दुर्ग में कांग्रेस पार्टी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। जिले के कुल 6 विधानसभा सीटों में से दुर्ग शहर में भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण में भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर, वैशालीनगर में भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन और अहिवारा  विधानसभा भाजपा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा अजेय बढ़त बनाए हुए है,वहीं मुख्यमंत्री भूपेश पाटन से और कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र से अपने प्रतिद्वंदी प्रत्याशियों से आगे चल रहे है। दुर्ग ग्रामीण विस से गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू,दुर्ग शहर से कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा, वैशाली नगर से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर,अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे काफी लंबे मतों के अंतर से पिछड़ते नजर आ रहे है। चुनाव के इस रुझान को ही अगर परिणाम माना जाए, तो दुर्ग जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों में  भाजपा का कब्जा होना तय है। कांग्रेस को सिर्फ 2 विधानसभा सीटों पर ही जीत से संतोष करना पड़ेगा। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने केवल दुर्ग जिले की 1 सीट वैशालीनगर में ही जीत दर्ज की थी। इस बार भी भाजपा इस विधानसभा सीट पर अपना परचम लहराने अग्रसर है। जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा को अजेय बढ़त मिलने से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ता ढोल-बाजा के साथ मतगणना स्थल के पास पहुंचे और नाच-गाकर अपनी खुशियों का ईजहार करते रहे, वहीं मतगणना के बाद आ रहे रुझानों ने कांग्रेस खेमें को हैरत में डाल दिया है। यह हैरत कार्यकर्ताओं के चेहरों पर मायूसी के रुप में साफ झलक रही है। इसके पहले रविवार की सुबह निर्धारित समय 8 बजे जुनवानी रोड स्थित श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज भवन में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभावार मतगणना की प्रक्रिया शुरु हुई। पहले डाकमतों की गणना पूरी की गई। तत्पश्चात सुबह 8.30 बजे से ईवीएम के मतों की गणना प्रारंभ की गई। प्रथम राउंड की गणना सुबह 10 बजे पूरी हुई। जिसके बाद चुनाव के प्रारंभिक रुझान भी आने शुरु हो गए थे। जिले के 6 विधानसभा सीटों में से 4 विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी पहले ही राउंड से अपने प्रतिद्वंदियों पर बढ़त बनाए रहे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव भी शुरुआती दौर से अपने प्रतिद्वदी से आगे रहे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन विधानसभा क्षेत्र के मतगणना के प्रथम राउंड में अपने प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी सांसद विजय बघेल से मात्र 187 मतों से बढ़त लिए हुए थे,लेकिन दूसरे राउंड में उनकी बढ़त कम हो गई। दूसरे राउंड में भाजपा प्रत्याशी सांसद विजय बघेल ने करीब 494 मतों से बढ़त बनाई। दूसरे राउंड के बाद से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रतिद्वंदी पर लगातार बढ़त बनाए हुए है। समाचार के लिखे जाने तक वैशालीनगर विधानसभा क्षेत्र के 15वें राउंड के मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन को 83,796 मत व कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर को 50,517 मत प्राप्त हुए थे। इस तरह से भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन 33,279 मतों से बढ़त बनाए हुए थे। भिलाई नगर विधासनभा क्षेत्र में 11वें राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी देेवेन्द्र यादव को 49,500 मत और भाजपा प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पांडेय को 47,276 मत प्राप्त हुए थे। कांग्रेस प्रत्याशी देवेन्द्र यादव 2224 मतों से आगे थे। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 15वें राउंड के मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर को 78567 मत और कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू को 63484 मत प्राप्त हुए थे। भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर 15083 मतों से बढ़त बनाए हुए थे। पाटन विधानसभा में 17वें राउंड के मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 91,393 मत और भाजपा प्रत्याशी सांसद विजय बघेल को 72,720 मत मिले थे। इसके अलावा जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी अमित जोगी ने 4569 मत हासिल किए थे। पाटन विस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रतिद्वंदी से 18673 मतों के बड़े अंतर से आगे चल रहे थे। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में 16वें राउंड के मतगणना के पश्चात भाजपा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को 82,954 मत और कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 61,196 वोट मिले थे। इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा 21,758 मतों से बढ़त बनाए हुए थे। दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में 9वें राउंड के मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्र यादव को 61,436 मत और कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा को 27,091 मत प्राप्त हुए थे। गजेन्द्र यादव 34,345 मतों के बड़े अंतर से जीत की ओर अग्रसर है। इस विधानसभा में 7 राउंड की मतगणना शेष है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports