तीन बार के विधायक जयसिंह के विरुद्ध 25 हजार से अधिक की लीड लेकर कोरबा में लखन की जीत



 पहली बार कोरबा सभा में खिला भाजपा का कमल
 रामपुर में कांग्रेस के फूलसिंह जीते और ननकी हारे, कटघोरा में भी बदली सत्ता, पुरुषोत्तम पर भाजपा के प्रेमचंद की जीत


कोरबा। भाजपा के बैनर तले जन-बल ध्येय वाक्य लेकर मैदान में उतरे लखनलाल देवांगन ने आखिर बाजी मार ली। कोरबा विधानसभा की सीट पर उन्होंने तीन बार के विधायक और कांग्रेस के कद्दावर मंत्री जयसिंह अग्रवाल के विरुद्ध 25 हजार से ज्यादा वोटों की लीड हासिल कर विजयश्री पाई। उधर रामपुर में भी भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर को करारी शिकस्त देते हुए कांग्रेस के फूल सिंह राठिया ने जीत दर्ज की है। कटघोरा में मौजूदा विधायक पुरुषोत्तम कंवर के मंसूबों को ध्वस्त कर प्रेमचंद पटेल ने भाजपा का किया हुआ ताज वापस हासिल किया।

कोरबा विधानसभा की सीट पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच ही सीधी भिड़ंत थी। यहां कांग्रेस पिछले तीन चुनाव से लगातार जीत दर्ज करती आ रही थी। मंत्री अग्रवाल की लगातार जीत ने कोरबा की सीट को कांग्रेस के किले का कवच सा पहना दिया गया था। पर यह सिलसिला इस बार ब्रेक करते हुए लखन ने भरी मतों से जीत प्राप्त की। उन्होंने कोरबा विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को 25802 वोटों से हरा कर जीत दर्ज की। यह पहला मौका है जब कोरबा विधानसभा की सीट पर भाजपा का विधायक चुना गया। रामपुर विधानसभा से बीजेपी के मौजूदा विधायक ननकी राम कंवर 22862 वोटो से चुनाव हारे और कांग्रेस के फूल सिंह राठिया जीते हैं। इसी तरह से कटघोरा विधानसभा से मौजूदा विधायक पुरुषोत्तम कंवर को हराते हुए बीजेपी उम्मीदवार प्रेम चंद पटेल भी 17234 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। कद्दावर आदिवासी नेता ननकी राम कंवर को जनता ने नकारे हुए फूल सिंह राठिया पर भरोसा जताया है। कांग्रेस पार्टी की टिकट पर पहली बार चुनाव लड़े फूल सिंह राठिया ने 22 हजार 862 वोट से जीत हासिल किया है। वही कटघोरा विधानसभा के प्रत्याशी प्रेमचंद पटेल ने भी 17 हजार 324 वोट से जीत का परचम लहराया है। इससे साफ होता है कि विधानसभा चुनाव 2023 में मोदी का मैजिक बरकरार है।

बॉक्स
चारों ही विस सीटों ने बदल दी अपनी-अपनी पार्टी

भारी उलटफेर के दौर से गुजर रहे विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजों ने जैसे लगभग हर सीट चेहरे बदलने की ठान रखी है। दावे और वादे के इरादे लेकर मैदान में दम भरने वाले उम्मीदवारों की उम्मीद टूटती दिखाई दे रही है। कुछ ऐसी ही दशा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 20 रामपुर में निर्मित हुई है। यहां चुनाव मैदान में भाजपा का नेतृत्व कर रहे ननकी राम कंवर को शिकस्त देकर कांग्रेस प्रत्याशी फूलसिंह राठिया ने विजयश्री हासिल की है। इसी तरह कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा विधायक कांग्रेस के पुरुषोत्तम कंवर को पछाड़ते हुए भाजपा के फ्रेश उम्मीदवार प्रेमचंद पटेल ने जीत हासिल की। यानी इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों ने अपनी अपनी पार्टी बदल दी है।

बॉक्स
तानाखार में सिर्फ 114 वोटों से गोंगपा के तुलेश्वर ने किया कब्जा

छत्तीसगढ़ विधानसभा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने एक विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। पाली-तानाखार विधानसभा सीट पर यह बड़ा उलट फेर हुआ है। यहां पर गोंगपा के तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने जीत दर्ज की है। तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने महज 114 वोटो से ही जीत दर्ज की है। मरकाम की इस जीत के साथ ही कांग्रेस और भाजपा के आलावा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी तीसरी पार्टी है, जिसने विधानसभा चुनाव 2023 के परिणामों में अपना खाता खोला है। पाली तानाखार में गोंगपा और कांग्रेस के बीच ही सीधी टक्कर देखने को मिली। गोंगपा के तुलेश्वर मरकाम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की दिलेश्वरी कंवर को शिकस्त दी। अपने प्रत्याशी रामदयाल उईके की हार के साथ भाजपा यहां तीसरी पोजीशन में चली गई है

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Recent in Sports